हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय जंक्शन के तारघर क्षेत्र में नगर परिषद की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र में कई विद्युत पोलों पर लगी स्ट्रीट लाइटें दिन के समय भी लगातार जलती रहती हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक बर्बादी हो रही है और सरकारी राजस्व पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों का आरोप है कि नियमित निगरानी के अभाव में दिनदहाड़े स्ट्रीट लाइटें जलती रहती हैं और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वार्डवासियों के अनुसार क्षेत्र में तैनात कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय पर मॉनिटरिंग और रखरखाव किया जाए तो बिजली की इस अनावश्यक बर्बादी को रोका जा सकता है। नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब बार-बार शिकायतें की जा रही हैं तो नगर परिषद प्रशासन इस मामले को गंभीरता से क्यों नहीं ले रहा। लोगों का कहना है कि बंद कमरों में बैठकर मॉनिटरिंग करने के बजाय अधिकारियों को जमीनी स्तर पर निरीक्षण करना चाहिए, ताकि ऐसी समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि दिन में जलने वाली स्ट्रीट लाइटों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि बिजली की बर्बादी रोकी जा सके और जनता के धन का सही उपयोग हो।
