ऐलनाबाद। बड़ागुड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव छतरियां में शुक्रवार को नशा मुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी संजीव बल्हार ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। डीएसपी संजीव बल्हार ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो विशेष रूप से युवाओं को अपनी चपेट में लेकर उनके भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे के खिलाफ जागरूक बनें और समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनें। उन्होंने कहा कि नशे की लत के चलते युवा अक्सर चोरी, लूट व डकैती जैसी आपराधिक गतिविधियों की ओर अग्रसर हो जाते हैं, जिससे न केवल उनका जीवन बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। ऐसे में नशे से बचाव के लिए युवाओं को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है।

डीएसपी ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा मजबूत बनाए रखने और छोटे-मोटे विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग से ही गांव को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त बनाया जा सकता है। अभिभावकों को विशेष रूप से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखें। साथ ही बच्चों को खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका शारीरिक व मानसिक विकास हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डीएसपी ने गांव में टिकरी पहरा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ागुड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार, गांव के सरपंच विजय सिंह देहडू सहित गांव के गणमान्य नागरिक, युवा वर्ग, महिलाएं एवं पंचायत प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
