संगरिया। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एसकेएम पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ, संगरिया में मंगलवार को “नशे को ना कहें, अपने सपनों को हां कहें” विषय पर नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुजीत कुमार तंवर, संगरिया बार संघ अध्यक्ष नवीन सेठी, ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा तथा प्राचार्य एस.के. मुरारी ने मां सरस्वती एवं स्वामी केशवानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर एसकेएम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति देकर उपस्थित छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। एडवोकेट जितेंद्र शर्मा ने नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। एडवोकेट संदीप सहू ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं विद्यालय के पूर्व छात्र एवं अधिवक्ता नवीन सेठी ने विद्यार्थियों को वकालत के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से अवगत कराया। मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुजीत कुमार तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि नशे के विरुद्ध सबसे अधिक जागरूकता युवाओं में होना आवश्यक है, क्योंकि वही देश का भविष्य हैं। उन्होंने नशे से होने वाले सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों के साथ-साथ संबंधित कानूनी प्रावधानों, सजा एवं जुर्माने की जानकारी भी दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जीवनभर नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। प्राचार्य एस.के. मुरारी ने विद्यार्थियों से इस अभियान से प्रेरणा लेकर जीवन में कभी भी नशा नहीं करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में संगरिया बार संघ अध्यक्ष नवीन सेठी ने एसकेएम पब्लिक स्कूल एवं ग्रामोत्थान विद्यापीठ का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
