हनुमानगढ़। टाउन की धरा पर पहली बार श्री बाबा खाटू श्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन शुरू हो गया है। इस आयोजन का शुभारंभ बुधवार को कलश व ध्वज शोभायात्रा के साथ धार्मिक उल्लास के बीच किया गया। शोभायात्रा नई धान मंडी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात रवाना हुई। इस मौके पर यजमान मनोज पारीक, प्रेम तावनिया एवं मुरलीधर गर्ग ने सपत्नीक पूजा में हिस्सा लिया। पंडित विपिन बिहारी शास्त्री एवं पंडित राम नारायण शास्त्री की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन सम्पन्न कराया गया तथा आरती के बाद यात्रा को विधिवत रूप से रवाना किया गया। शोभायात्रा को फूडग्रेन मर्चंेट्स एसोसिएशन संस्था के अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, पूर्व अध्यक्ष नरोत्तम सिंगला, सचिव दलीप ढिल्लों तथा पूर्व सचिव सन्नी जुनेजा ने आरती कर हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। कलश एवं ध्वज शोभायात्रा टाउन के मुख्य बाजारों और मार्गां से होती हुई कथा स्थल फाटक गोशाला पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश धारण कर तथा ध्वज लेकर भजन-कीर्तन करते हुए पूरे नगर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि यह पावन आयोजन 18 फरवरी से 22 फरवरी तक बरकत कॉलोनी, किले के पास स्थित फाटक गोशाला में गोमाता के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। इस दिव्य कथा का वाचन कथा व्यास केपी लाटा की ओर से किया जाएगा, जो मोरछड़ी दरबार पदमपुर के निज सेवक हैं। आयोजकों के अनुसार हनुमानगढ़ में पहली बार इस प्रकार की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन हो रहा है, जो नगर के लिए गौरव का विषय है। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रखा गया है। इसके साथ श्रद्धालुओं को श्री गोमाता की दिव्य कथा के श्रवण का भी पुण्य लाभ प्राप्त होगा।
