हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने पाकिस्तान के कुख्यात आतंकी शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में करीब 10 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ नरेन्द्र सिंह मीणा ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक रामचन्द्र कस्वां के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पॉलीटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ जंक्शन के पास संदिग्ध गतिविधि करते हुए एक युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी सुनील कुमार उर्फ धोलू पुत्र राजु उर्फ राजकुमार नायक (29) निवासी वार्ड नंबर 54 सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में प्रकरण संख्या 238/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। इस मामले का अनुसंधान उपनिरीक्षक चुका देवी को सौंपा गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन से संबंधित पोस्ट भी साझा करता था। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की तकनीकी जांच की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी सुनील कुमार उर्फ धोलू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी के व्हाट्सएप नंबर पर कॉल और मैसेज कर उससे संपर्क करने का प्रयास किया था। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर भी शहजाद भट्टी के नाम और फोटो से बनी कई आईडी को फॉलो कर रखा था। इतना ही नहीं, जांच में यह भी सामने आया कि एक ऐसी इंस्टाग्राम आईडी, जिस पर शहजाद भट्टी की फोटो लगी हुई है, वह आईडी भी आरोपी सुनील कुमार को फॉलो कर रही थी। आरोपी ने इस आईडी पर भी मैसेज भेजकर आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क साधने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार शहजाद भट्टी पाकिस्तान का एक सक्रिय आतंकी है, जो भारत में आतंक फैलाने और देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए लगातार गतिविधियां संचालित करता रहता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसने बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बना रखे हैं, जिनका इस्तेमाल वह भारत में स्लीपर सेल के रूप में करता है और उनसे विभिन्न गतिविधियों में सहयोग लेता है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुनील उर्फ धोलू ने जानबूझकर सोशल मीडिया के माध्यम से शहजाद भट्टी की पोस्ट, हथियारों से संबंधित फोटो और अन्य सामग्री को शेयर किया था। इसके साथ ही आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से आतंकी से संपर्क साधने की कोशिश की, जिससे देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता को खतरा पैदा होने की आशंका जताई गई है। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में उपनिरीक्षक चुका देवी की रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 239/2026 धारा 152 बीएनएस के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। इस प्रकरण का अनुसंधान उपनिरीक्षक गुरुदेव द्वारा किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में तकनीकी विश्लेषण, साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में एजीटीएफ हनुमानगढ़ की टीम तथा पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन के कांस्टेबल हेमेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चुका देवी, उपनिरीक्षक गुरुदेव, हेड कांस्टेबल संदीप, कांस्टेबल हेमेंद्र सिंह, कांस्टेबल शंकरलाल, कांस्टेबल चेतनराम और कांस्टेबल सर्वजीत सिंह शामिल रहे। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके सोशल मीडिया संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी का किसी बड़े नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
