रावतसर। प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्तों में हो रही देरी और कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को रावतसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवभगवान रैगर और विधायक विनोद गोठवाल ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुधीर गोदारा, ब्लॉक अध्यक्ष दारासिंह वरतीया सहित कई स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना है, उसके क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समय पर किस्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे कई मकानों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और लाभार्थियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई लाभार्थियों को पहली या दूसरी किस्त मिलने के बाद आगे की राशि जारी नहीं की गई, जिसके कारण उनके मकान निर्माण कार्य बीच में ही रुक गए हैं। साथ ही योजना में पारदर्शिता की कमी और पात्रता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे भी उठाए गए। प्रशासन पर निशाना साधते हुए नेताओं ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित किस्तों का भुगतान नहीं किया गया और अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई तो कांग्रेस पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा योजना की निगरानी के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और योजना के सही क्रियान्वयन की मांग की। इस मौके पर देवीलाल मटोरिया, सुरेन्द्र हुड्डा, धनराज सिहाग, धर्मपाल थालौड़, विनोद नाथ, प्रहलाद नायक, ममता लूणा, ममता नायक, सतपाल भादू, गौरीशंकर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
संवाददाता- नरेश
