हनुमानगढ़। महिला पुलिस थाना में तैनात एक महिला एसआई पर परिवादियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोपों को लेकर बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया गया। अधिवक्ताओं, भारत की जनवादी नौजवान सभा एवं माकपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एडिशनल एसपी से मुलाकात कर शिकायत दर्ज करवाई। डीवाईएफआई के जगजीत सिंह जग्गी ने आरोप लगाया कि महिला थाना में तैनात एसआई संतोष ढाका की ओर से परिवादियों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय देने के बजाय उन्हें परेशान किया जाता है। ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के दावे हनुमानगढ़ में खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला थाना सहित अन्य थानों में भी परिवादियों की सुनवाई नहीं होती और रिश्वत की मांग की जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारी के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान बार संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र सारस्वत, रामेश्वर वर्मा, बहादुर सिंह चौहान एवं वेद मक्कासर सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।
