हनुमानगढ़। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय पर पुलिस द्वारा विशेष पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च निकाला गया। यह गश्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में प्रभावी गश्त करते हुए मुख्य बाजार, बस स्टैंड रोड, श्रीगंगानगर रोड सहित अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों एवं आमजन से संवाद कर उनसे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव लिए और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि आगामी ईद सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित गश्त और फ्लैग मार्च किए जा रहे हैं, जिससे अपराधियों में भय और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों से बातचीत कर आपसी विश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया। साथ ही व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

इस दौरान पुलिस टीम ने यातायात व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील इलाकों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी। फ्लैग मार्च में सीओ सिटी मीनाक्षी, सीओ एससी/एसटी सेल कर्ण सिंह, एसएचओ जंक्शन रामचंद्र कस्वा, एसएचओ टाउन अशोक विश्नोई, एसएचओ सदर राकेश सांखला, यातायात प्रभारी अनिल चिंदा तथा महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन ने सकारात्मक कदम बताते हुए सुरक्षा व्यवस्था के प्रति संतोष व्यक्त किया।
