संगरिया वार्ड 26 स्थित जन सुनवाई कार्यालय में गुरुवार को कांग्रेसजनों, पार्टी पदाधिकारियों एवं युवा साथियों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि स्व. राजेश पायलट ने अपना जीवन गरीबों, किसानों और युवाओं के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा किए गए कार्य और जनसेवा की भावना सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने स्व. पायलट के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बताए मार्ग पर चलते हुए आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि स्व. राजेश पायलट का योगदान देश की राजनीति और समाज के लिए अविस्मरणीय है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजेश पायलट के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
