हनुमानगढ़। रावतसर थाना पुलिस ने 43 किलो डोडा पोस्त तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनुसंधान कर आरोपी लखविंद्र सिंह पुत्र बलौर सिंह कुम्हार सिख निवासी ढाबां पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी लगभग 9 माह से फरार था और गिरफ्तारी के डर से लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी 43 किलो डोडा पोस्त तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी ईश्वरानन्द, हेड कांस्टेबल अमरसिंह, कांस्टेबल मोहनलाल और नीतू शामिल रहे। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही।
