-1.45 लाख से अधिक मतदाताओं में से 1.23 लाख ने किया मताधिकार का प्रयोग
हनुमानगढ़। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत जिले के पांच नगर निकायों नोहर, भादरा, संगरिया, रावतसर और टिब्बी के 170 वार्डों के लिए 176 मतदान केंद्रों पर बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक चला तथा निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर पंक्ति में खड़े सभी मतदाताओं को मतदान का अवसर दिया गया। प्रथम चरण में कुल 1,45,152 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,23,082 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे जिले में कुल 84.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने संगरिया एवं टिब्बी नगर निकायों के विभिन्न मतदान केंद्रों, स्ट्रॉन्ग रूम तथा मतगणना स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन एवं पुलिस के समन्वित प्रयासों से सभी मतदान केंद्रों पर मतदान सुचारू रूप से संपन्न हुआ। नगर निकायवार मतदान प्रतिशत में संगरिया सबसे आगे रहा, जहां 27,575 मतदाताओं में से 24,005 मतदाताओं ने मतदान कर 87.05 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया। टिब्बी में 10,357 में से 9,005 यानी 86.95 प्रतिशत, भादरा में 33,940 में से 29,149 यानी 85.88 प्रतिशत, रावतसर में 31,676 में से 27,083 अर्थात 85.50 प्रतिशत तथा नोहर में 41,604 में से 33,840 अर्थात 81.34 फ़ीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उल्लेखनीय है कि जिले के शेष तीन नगर निकायों हनुमानगढ़, गोलूवाला एवं पीलीबंगा में द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर, 2026 को होगा, जबकि जिले के सभी आठ नगर निकायों की मतगणना 14 सितंबर, 2026 को निर्धारित की गई है।
103 वर्षीय मीरा देवी ने किया मतदान
भादरा में लोकतंत्र के प्रति उत्साह की मिसाल भी देखने को मिली। नगर पालिका के वार्ड नंबर 30 की 103 वर्षीय मीरा देवी पत्नी दीनानाथ महिपाल अपने पोते कमल के साथ मतदान केन्द्र संख्या 71 पर पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक रहा। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में हनुमानगढ़ नगर परिषद, गोलूवाला और पीलीबंगा में 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों चरणों के चुनाव परिणाम 14 सितंबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।
