हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत गुरुसर में पंचायत प्रशासक पर अनैतिक गतिविधियों के आरोप लगने से विवाद खड़ा हो गया है। मामले को लेकर सोमवार को दर्जनों ग्रामीण टाउन पुलिस थाना पहुंचे और थाना प्रभारी के नाम प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर प्रशासक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इससे पहले इस मुद्दे पर गांव में महापंचायत भी आयोजित की जा चुकी है। गुरुसर निवासी रणधीर सिंह पुत्र मेजर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत के प्रशासक रामेश्वर लाल उर्फ मोहनलाल कड़ेला पुत्र डूंगरराम निवासी वार्ड 4, गुरुसर लंबे समय से पंचायत भवन में एक महिला को ले जाकर अनैतिक कृत्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार समझाइश भी की गई, लेकिन प्रशासक ने अपनी गतिविधियां बंद नहीं कीं, जबकि पंचायत भवन में गांव की महिलाएं और बेटियां भी आती-जाती हैं।

रणधीर सिंह के अनुसार 17 मार्च को दोपहर करीब 2 से 2.30 बजे के बीच वह पंचायत भवन पहुंचा, जहां बलजीत सिंह गिल, दर्शन सिंह और हरप्रीत सिंह मौजूद थे। उसने अपने मोबाइल फोन का ऑडियो रिकॉर्डर चालू कर स्टाफ से प्रशासक के बारे में जानकारी ली, तो बताया गया कि वह बाहर गए हैं, जबकि उनकी बाइक परिसर में खड़ी थी। संदेह होने पर जब उसने कार्यालय का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह अंदर से बंद मिला। कुछ देर बाद प्रशासक एक महिला के साथ कमरे से बाहर निकले। इस पर आपत्ति जताने पर प्रशासक भड़क गया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा धक्के देकर बाहर निकाल दिया। साथ ही धमकी भी दी गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

प्रार्थी के अनुसार पूरे घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में मौजूद है। अगले दिन इस मुद्दे पर गांव में महापंचायत बुलाई गई, जिसमें ग्रामीणों ने पंचायत भवन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार की गतिविधियों की कड़ी निंदा की और इसे गांव की छवि के लिए हानिकारक बताया। रणधीर सिंह ने प्रशासक रामेश्वर लाल उर्फ मोहनलाल कड़ेला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
