ऐलनाबाद। शहर के प्राचीन श्री श्याम मंदिर ऐलनाबाद में श्री श्याम बाबा खाटू वाले का 52वां विशाल वार्षिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ निरंतर जारी है। महोत्सव के अंतर्गत बीती रात्रि विशाल जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के भजनों पर भाव-विभोर होकर पूरी रात जागकर भक्ति रस का आनंद लिया। मंदिर परिसर “जय श्री श्याम” के जयघोष से गूंजता रहा।


जागरण के दौरान भजन गायकों ने“श्याम तेरी चौखट पे आकर सुकून मिल गया”,“सांवरा जब बुलाएगा हम खाटू जाएंगे”,“मेरे सांवरिया सरकार, तू ही मेरा आधार”,“दर तेरे आके बाबा सब दुख भूल गए”जैसे भावपूर्ण भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर रात तक बाबा श्याम की भक्ति में लीन नजर आए।आज प्रातः प्राचीन श्री श्याम मंदिर में अखंड ज्योति पाठ विधिवत रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर विशाखापट्टनम से पधारे नरेश शर्मा ने विधि-विधान से अखंड ज्योति पाठ संपन्न करवाया। पाठ के दौरान भक्तों ने दीप प्रज्वलित कर आहुतियां अर्पित कीं तथा परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

अखंड ज्योति पाठ के समापन पर विशेष आरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में कमेटी ट्रस्ट के प्रधान रतनलाल गिदड़ा, उप प्रधान पवन कुमार कानसरिया तथा श्री श्याम कला मंडल के प्रधान मांगीलाल गिदड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत आगे भी धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

