हनुमानगढ़। वर्ष 2003 से जुड़े फर्जी पट्टा मामले में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल की गिरफ्तारी के बाद सीआईडी-सीबी की जांच आगे बढ़ रही है। सोमवार को विधायक को संगरिया न्यायालय में पेश किए जाने पर कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की थी। इसी क्रम में मंगलवार को सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम हनुमानगढ़ पहुंची और वागीश कॉलोनी, सेक्टर 9-एल, गांधीनगर में पहुंचकर संबंधित पट्टा-प्लॉटों की जांच शुरू की।

मौके पर तहसीलदार राजकुमारी, नगर परिषद के अधिकारी तथा सीआईडी-सीबी के एएसपी सतपाल सिंह भी मौजूद रहे। मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जांच टीम की ओर से संबंधित दस्तावेजों और पट्टा-प्लॉटों की स्थिति को लेकर मौके पर पड़ताल की गई। वहीं नोटिस के बावजूद पक्ष रखने के लिए जवाब पेश नहीं किए जाने को लेकर भी जांच आगे बढ़ रही है।

सीआईडी-सीबी की जांच के बीच हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस थाने में लंबित पुराने परिवादों के अनुसंधान को लेकर भी नजर बनी हुई है। जांच एजेंसी की ओर से मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच एजेंसी की कार्रवाई सरकारी भूमि के पट्टों में अनियमितताओं से जुड़े मामलों पर केंद्रित है।


