हनुमानगढ़। जंक्शन क्षेत्र स्थित सूरतगढ़ रोड पर एक बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में अज्ञात नकबजनों ने ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने जंक्शन थाने में परिवाद सौंपकर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर गुरुवार को जंक्शन थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी तिलक बंसल पुत्र विनोद कुमार बंसल ने बताया कि उसकी सूरतगढ़ रोड पर सेंट्रल जेल के सामने शुभम बिल्डिंग मटेरियल के नाम से दुकान है। 15 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात व्यक्ति दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। नकबजन दुकान में रखे दो लोहे के गल्लों से 35 हजार रुपए की नकदी, बैंक ऑफ बड़ौदा और आईडीबीआई बैंक के दो एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, स्टेट बैंक खाते का हस्ताक्षरयुक्त चेक, चार चांदी के सिक्के तथा बिल व अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी कर ले गए। 16 जुलाई की सुबह दुकान पहुंचने पर शटर का ताला टूटा मिला और सामान गायब था। पीड़ित ने अज्ञात आरोपितों का पता लगाकर चोरी का सामान बरामद करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
