– आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल का पुनर्गठन
हनुमानगढ़। राज्य सरकार ने आबकारी विभाग में प्रवर्तन एवं निरोधक बल के अतिरिक्त आयुक्त के क्षेत्राधिकार को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। वित्त (आबकारी) विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार हनुमानगढ़ जिला आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल जोन, बीकानेर के अतिरिक्त आयुक्त के अधिकार क्षेत्र में रहेगा। अधिसूचना के तहत अतिरिक्त आयुक्त, आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल जोन, बीकानेर को हनुमानगढ़, बीकानेर, श्रीगंगानगर तथा चूरू राजस्व जिलों का प्रभार सौंपा गया है। इस जोन का मुख्यालय बीकानेर में रहेगा। राज्य सरकार ने राजस्थान आबकारी अधिनियम, 1950 की धारा 9 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की है। नई अधिसूचना के साथ पूर्व में जारी संबंधित अधिसूचनाओं को भी अधिक्रांत कर दिया गया है।
आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल का पुनर्गठन
राजस्थान सरकार के वित्त (आबकारी) विभाग ने अधिसूचना जारी कर आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल के क्षेत्रों का पुनर्गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार हनुमानगढ़ जिले को दो भागों में विभाजित करते हुए अलग-अलग प्रभारी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अधिसूचना के अनुसार उपायुक्त/आबकारी अधिकारी, आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल, हनुमानगढ़-प्रथम को हनुमानगढ़, पीलीबंगा, संगरिया और टिब्बी उपखंडों का संपूर्ण क्षेत्र सौंपा गया है। इस अधिकारी का मुख्यालय हनुमानगढ़ रहेगा। वहीं उपायुक्त/आबकारी अधिकारी, आबकारी प्रवर्तन एवं निरोधक बल, हनुमानगढ़-द्वितीय को नोहर, भादरा और रावतसर उपखंडों का संपूर्ण क्षेत्र आवंटित किया गया है। इस अधिकारी का मुख्यालय नोहर निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार की ओर से जारी यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। नए आदेश के बाद आबकारी विभाग के प्रवर्तन और निगरानी कार्यांे को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
