बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खाजूवाला क्षेत्र से एक डेनमार्क के नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया है। युवक करीब सात महीने पहले एक साल के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने अंग्रेजी में कुछ सवालों के जवाब दिए, लेकिन बाद में चुप हो गया और थाने में रोने लगा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने उसे आगे की पूछताछ के लिए बीकानेर स्थित जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर भेज दिया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार शाम की है। खाजूवाला थाना क्षेत्र में बाजार के हॉस्पिटल रोड पर एक विदेशी युवक संदिग्ध तरीके से घूमता हुआ दिखाई दिया। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां आमतौर पर विदेशी नागरिकों का आना-जाना नहीं होता। स्थानीय लोगों को युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही खाजूवाला थानाधिकारी सुरेन्द्र प्रजापत के निर्देश पर एएसआई किशन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त रूप से की गई पूछताछ के दौरान युवक के पास से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के अनुसार युवक के पास वैध पासपोर्ट और एक साल का टूरिस्ट वीजा मिला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने खुद को डेनमार्क का निवासी बताया। उसने बताया कि वह पिछले साल सितंबर में भारत आया था। हालांकि पुलिस के सवालों का कुछ देर तक जवाब देने के बाद वह अचानक चुप हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक युवक को जब थाने लाया गया तो वह भावुक हो गया और रोने लगा। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे आगे की विस्तृत जांच के लिए बीकानेर के जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर भेज दिया। वहां विभिन्न एजेंसियों की टीम उससे हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि खाजूवाला क्षेत्र पाकिस्तान सीमा के बेहद नजदीक स्थित है। सुरक्षा कारणों से इस इलाके में विदेशी नागरिकों के प्रवेश पर विशेष अनुमति जरूरी होती है। बिना अनुमति विदेशी नागरिकों का सीमावर्ती क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित माना जाता है।प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवक जानकारी के अभाव में इस इलाके तक पहुंच गया हो। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं और उसके भारत आने के उद्देश्य, यात्रा के दौरान उसके संपर्कों और सीमावर्ती क्षेत्र तक पहुंचने के कारणों की गहन जांच कर रही हैं। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
