हनुमानगढ़। जिले के भादरा कस्बे में नशा तस्करी के मामलों में आरोपित माँ-बेटे के रिहायशी मकान पर की गई अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। भादरा पुलिस ने नगरपालिका के सहयोग से यह कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम लगातार जारी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ नरेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत जिले के सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत भादरा क्षेत्र में यह महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 4, सैनी मोहल्ला भादरा निवासी सुमन पत्नी सीताराम महाजन (43 वर्ष) तथा उसके पुत्र विशाल कुमार पुत्र सीताराम महाजन (26 वर्ष) के विरुद्ध नशा तस्करी के कई प्रकरण दर्ज हैं। विशाल कुमार के खिलाफ अब तक नशा तस्करी के कुल 5 मामले दर्ज हैं, जबकि सुमन के विरुद्ध 2 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपितों द्वारा अपने रिहायशी मकान में अवैध अतिक्रमण कर निर्माण किया गया था। प्रशासन ने इस अवैध निर्माण को हटाने के लिए नगरपालिका भादरा के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी और वृताधिकारी भादरा संजीव कटेवा के सुपरविजन में की गई। वहीं पुलिस थाना भादरा के थानाधिकारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और पूरी कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हनुमानगढ़ पुलिस जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रही है। भविष्य में भी नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी, ताकि समाज में कानून व्यवस्था बनी रहे और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।
