हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गौड़ ब्राह्मण धर्मशाला में मंदिर स्थापना महोत्सव के तहत शुक्रवार को विधिवत पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों, पदाधिकारियों एवं मातृशक्ति ने हिस्सा लेकर मंदिर स्थापना के सफल आयोजन की कामना की। कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं राजस्थान ब्राह्मण सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष पंडित यादवेंद्र शर्मा, गौड़ ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष महेंद्र शर्मा, सचिन कौशिक, भवानी शंकर शर्मा, विजय जोशी, सूर्य प्रकाश जोशी, ब्राह्मण महिला समिति की अध्यक्ष गायत्री, हरीश शर्मा, मनोज शर्मा पालीवाल, अजय शर्मा, इंद्रचंद महर्षि, भीम सिंह शेखावत मौजूद रहे। सूर्य प्रकाश जोशी ने बताया कि पूजन कार्यक्रम पंडित गिरधारी लाल शास्त्री के सान्निध्य में पंडित हेमराज एवं पंडित भवानी शंकर की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिर स्थापना महोत्सव का मुख्य आयोजन रविवार, 12 जुलाई को होगा। इस मौके पर प्रात:काल मंदिर में स्थापित की जाने वाली देव प्रतिमाओं का नगर भ्रमण निकाला जाएगा। इसके पश्चात वैदिक विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न होगी। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
