हनुमानगढ़। टाउन स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में सोमवार को प्रात:कालीन प्रार्थना सभा के दौरान भारत की महान गायिका आशा भोसले के अतुलनीय संगीत योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर विद्यालय परिवार की ओर से दो मिनट का मौन रखकर सम्मान प्रकट किया गया। सभा को संबोधित करते हुए संस्था के चेयरमैन डॉ. सागरमल लड्ढा ने कहा कि आशा भोसले ने अपने मधुर स्वरों से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। निदेशक गोपाल किशन लड्ढा ने भी उनके जीवन और संगीत यात्रा पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय संगीत जगत की अमूल्य धरोहर बताया। विद्यालय की प्राचार्य नेहा शर्मा ने कहा कि आशा भोसले की गायकी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। इस दौरान संगीत शिक्षक सौरव ने उनका एक प्रसिद्ध गीत प्रस्तुत कर भावभीनी प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भावुक हो उठा। कार्यक्रम में विद्यालय का स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर महान गायिका के योगदान को नमन किया।
