हनुमानगढ़। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने 1 मार्च से 15 मार्च 2026 तक जिलेभर में ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा’ आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हनुमानगढ़ की ओर से समस्त थाना अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे गए हैं। जारी आदेश के अनुसार राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय महिलाओं के प्रति गंभीर और संवेदनशील है तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में यह विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्म-सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और समाज के बीच संवाद मजबूत करना है। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक थाना अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र से अधिकतम तीन ‘सुरक्षा सखियों’ का चयन करेंगे, जो अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। थाना स्तर पर इस अभियान की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। यह नोडल अधिकारी चयनित सुरक्षा सखियों के साथ नियमित संपर्क में रहकर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा और उनके कार्यों की समीक्षा करेगा। पुलिस अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा सखियों को महिला अत्याचार से संबंधित कानूनों, उनके अधिकारों और कर्तव्यों की समुचित जानकारी दी जाए। अभियान के दौरान सुरक्षा सखियां अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर महिलाओं और बालिकाओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करेंगी, उन्हें महिला संबंधी कानूनों और सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूक करेंगी तथा उनके द्वारा बताई गई समस्याओं और सुझावों से स्थानीय पुलिस को अवगत कराएंगी। इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (पूर्व ट्विटर) सहित प्रिंट मीडिया के माध्यम से ‘सुरक्षा सखी संवाद पखवाड़ा’ को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को इस पहल का लाभ मिल सके। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि अभियान की समाप्ति के बाद जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच सुरक्षा सखियों को पुलिस आयुक्त/रेंज महानिरीक्षक पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इससे अभियान में भाग लेने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन होगा और समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।
जिला पुलिस प्रशासन ने सभी थाना अधिकारियों को निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा अभियान को प्रभावी और जनभागीदारीपूर्ण बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा है। पुलिस विभाग का मानना है कि सामुदायिक भागीदारी और सतत संवाद के माध्यम से ही महिलाओं के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण तैयार किया जा सकता है।
