इंदौर/महू: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र में शनिवार दोपहर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सिमरोल थाना क्षेत्र में खड़ी एक स्विफ्ट कार में अचानक आग लगने से कार के अंदर बैठा 4 साल का मासूम जिंदा जल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। संजय पेशे से मैकेनिक हैं और इंदौर-खंडवा रोड स्थित सेल सिटी के सामने डीजे वाली गाड़ी का काम कर रहे थे। इसी दौरान जिस कार में चिराग बैठा था, उसमें अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई कार के पास नहीं जा सका। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, जबकि घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई। प्रत्यक्षदर्शी संजू वर्मा के मुताबिक, पहले कार से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। सूचना मिलने पर सिमरोल पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला, मगर उसकी मौत हो चुकी थी। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महू सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पिता संजय बढ़िया का रो-रोकर बुरा हाल है और वह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। इलाके में भी इस घटना के बाद शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
