हनुमानगढ़। मां भद्रकाली मंदिर में दुर्गा अष्टमी के मौके पर 26 मार्च, गुरुवार को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक चलेगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। राजस्थान सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मंदिर में पारंपरिक मेले का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभाग की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें स्वच्छता, पेयजल, आश्रय स्थल, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं शामिल हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। भक्तों की सेवा में हनुमानगढ़ सेवा समिति, भारत विकास परिषद एवं महावीर सेवा दल के स्वयंसेवक जुटे हुए हैं। ये नि:शुल्क भंडारे की व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण में भी सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भजन संध्या में प्रदेश और बाहर से आए प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में सीएल राही एंड पार्टी, पाल्स चिल्ड्रन एकेडमी, अनुग्रह सेवा फाउंडेशन के तत्वावधान में भक्ति संगीत का आयोजन होगा। मुख्य कलाकारों में सीएल राही, अमरकांत मिश्रा, अमृत स्योता, विक्की म्यूजिकल ग्रुप, बांसुरी वादक सुशील बंसल, कुमार शाहीन, सुखदेव आर्ट ग्रुप सिरसा शामिल रहेंगे। इसके अलावा विशेष आमंत्रित गायक पंडित गिरिराज शर्मा, दीपक गोयल, गुलशन भारद्वाज शकुंतलम संगीत हाउस तथा बाल कलाकार निष्ठा की ओर से नृत्य एवं भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। देवस्थान विभाग एवं मां भद्रकाली मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस भजन संध्या एवं जागरण में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का सादर आमंत्रण किया है।
