हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भीड़ दिखाने के लिए सरकारी स्कूलों के बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अवकाश के दिन भी जबरन बुलाया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए सरकारी संस्थानों और कर्मचारियों का इस प्रकार उपयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंच रही है। उन्होंने यह भी कहा कि एक ओर सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को दरकिनार कर चुनाव करवाने से बच रही है, वहीं दूसरी ओर अपनी छवि चमकाने के लिए प्रशासनिक तंत्र का उपयोग कर भीड़ जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लोकतंत्र भीड़ जुटाने से नहीं, बल्कि पारदर्शिता और समय पर चुनाव करवाने से मजबूत होता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकारी संस्थानों, बच्चों और कर्मचारियों का राजनीतिक कार्यक्रमों में दुरुपयोग तुरंत बंद किया जाए। साथ ही लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द चुनाव करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। मनीष मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे प्रकरण की कड़ी निंदा करती है और प्रशासन से निष्पक्षता बनाए रखने की अपेक्षा करती है।
