हनुमानगढ़। शहीद दिवस के मौके पर सोमवार को स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया तहसील कमेटी की ओर से टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के वीर शहीदों को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए युवाओं को उनके आदर्शांे पर चलने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर की गई। सभा में मौजूद छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। पूरे वातावरण में देशभक्ति का भाव देखने को मिला और ‘शहीदों अमर रहोÓ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। इस मौके पर एसएफआई के तहसील अध्यक्ष मोहित कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा कि आज हम जो स्वतंत्रता और अधिकारों का आनंद ले रहे हैं, वह इन्हीं वीर सपूतों की कुर्बानियों का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मोहित कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। देश को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक एकता एवं नशे से दूर रहना अतिआवश्यक है। उन्होंने कहा कि एसएफआई हमेशा छात्र-छात्राओं और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। सभा के दौरान वक्ताओं ने शहीदों के संघर्ष, त्याग और उनके आदर्शांे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शहीद केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य के मार्गदर्शक हैं। इस मौके पर महेंद्र कारगवाल, योगेश, किरण, जयपाल, विजय सिंह, रुकसार बानो, रामसिंह, प्रीतम सिंह मौजूद रहे।
