हनुमानगढ़। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को टाउन स्थित महात्मा गांधी स्मृति राजकीय जिला चिकित्सालय के फिजियोथैरेपी हॉल एवं तेरापंथ भवन में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए रक्तदान किया। चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान शिविर प्रभारी डॉ. पवन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. शंकर सोनी सहित चिकित्सा विभाग के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सालय स्टाफ मौजूद रहा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से रक्तदान अभियान को 15 दिनों तक जारी रखा जाएगा। अभियान के तहत विभाग ने एक हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य एवं जिला परिषद सीईओ श्रद्धा गोमे ने सभी विभागों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाकर उनकी जान बचाई जा सके।
