चारणवासी। गांव रतनपुरा में जन सहयोग की अनूठी मिसाल बनी श्रीकृष्ण गोशाला परिसर स्थित नवनिर्मित मंदिर में स्थापित होने वाली भगवान राधाकृष्ण की प्रतिमाओं को लेकर नगर परिक्रमा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा महेश नाथ के पावन सानिध्य में हुई, जहां बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ भगवान के जयकारे लगाए। नगर परिक्रमा के दौरान प्रतिमाओं को गांव की मुख्य गलियों से होकर गुजारा गया,जहां ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। गली-मोहल्लों में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भक्ति संगीत की धुनों पर थिरकते श्रद्धालुओं और जय श्री कृष्णा के उद्घोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। यह नगर फेरी गांव के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए पुनः गोशाला प्रांगण पहुंची, जहां पहुंचने पर भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया। आज मंदिर में मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा के साथ होगी। गोशाला प्रबंधन और ग्रामीणों द्वारा आज पूजा-अर्चना के विशेष आयोजन रखे गए हैं, जिसके तहत पूर्ण धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच राधाकृष्ण की प्रतिमाओं को मंदिर में स्थापित किया जाएगा। जन सहयोग से निर्मित इस मंदिर और गोशाला को लेकर ग्रामीणों में भारी गौरव है, जो जीव सेवा और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बन रहा है।
