ऐलनाबाद। सीएमआरजे राजकीय महाविद्यालय मीठी सुरेरां में प्राचार्य डा. सज्जन कुमार व सभी स्टाफ सदस्यों द्वारा गत दिवस चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में राजनीतिक विज्ञान विभाग की ओर आयोजित राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त कर लौटे विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। महाविद्यालय के जन संपर्क अधिकारी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल चौबीस टीमों ने भाग लिया। प्राचार्य ने लक्ष्मी व शांति स्नातकोत्तर हिंदी और मनोहरी स्नातक छात्राओं के सम्मान में कहा कि ऐसे विधार्थी महाविद्यालय की धरोहर होते है। हर एक छात्र में कोई ना कोई प्रतिभा छिपी होती है और प्रतिभा को पेश करने के लिए महाविद्यालय मंच उपलब्ध करवाता है। आज कालेज का नाम रोशन हुआ है जिससे महाविद्यालय इन पर गर्व करता है।

सभी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। उधर महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित कटिंग, टेलरिंग एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला का आज सफल एवं प्रेरणादायक समापन हुआ। इस कार्यशाला में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला के अंतिम दिवस छात्राओं का लिखित एवं व्यावहारिक मूल्यांकन किया गया, जिसमें छात्राओं ने कार्यशाला के दौरान अर्जित कौशल का आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया। मूल्यांकन में सफल सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका श्रीमती सुरेश कुमारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार की कौशल विकास कार्यशालाएँ छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त माध्यम हैं। प्राचार्य डॉ सज्जन कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में प्रशिक्षिका सुश्री मनदीप सग्गू के समर्पण एवं मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से छात्राओं में न केवल तकनीकी दक्षता आई है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास एवं रचनात्मकता का भी विकास हुआ है।
