- तीन दिवसीय हनुमानगढ़ प्रवास पर पहुंचे जिला प्रभारी सुभाष कंदोई, लगभग सभी पंचायतों में सरपंच पद पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी
हनुमानगढ़। आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) ने हनुमानगढ़ जिले में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं और चुनावी दावेदारों के साक्षात्कार लेने के लिए रालोपा जिला प्रभारी एवं मुंडवा के पूर्व सभापति सुभाष कंदोई को तीन दिवसीय हनुमानगढ़ प्रवास पर भेजा गया है। प्रवास के दौरान कंदोई पार्टी की चुनावी तैयारियों, दावेदारों और संगठन की रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे हैं। बुधवार को मीडिया से बातचीत में कंदोई ने बताया कि मंगलवार को पंचायतीराज चुनाव में पार्टी की ओर से दावेदारी जताने वाले लोगों से मुलाकात कर उनके आवेदन लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक सांसद हनुमान बेनीवाल से समन्वय और बातचीत के बाद यह तय किया जाएगा कि रालोपा कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कंदोई ने कहा कि हनुमानगढ़ किसान प्रधान जिला है। ऐसे में कर्जमाफी सहित किसानों से जुड़े मुद्दों और आमजन से जुड़े सवालों को लेकर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने बताया कि लगभग सभी पंचायतों में पार्टी के सिंबल पर सरपंच पद के प्रत्याशी उतारने की तैयारी है। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए भी पार्टी को आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों की समीक्षा करने के साथ स्थानीय टीम से परामर्श के बाद प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय चुनाव में हनुमानगढ़ में निर्दलीयों का बोर्ड बना है। कंदोई के अनुसार पार्टी इसे ग्रामीण चुनाव में अपनी रणनीति के संदर्भ में देख रही है और रालोपा कांग्रेस तथा भाजपा से अलग राजनीतिक विकल्प के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। कंदोई ने बताया कि आगामी दिनों में हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर रालोपा की ओर से बड़ी रैली आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और पंचायतीराज चुनाव में संगठन की भागीदारी को मजबूत करना है। इस मौके पर संगरिया प्रभारी कपिल सहारण, हनुमानगढ़ प्रभारी प्रकाश रोझ, जयसिंह बेनीवाल, वीरेन्द्र बेनीवाल भी मौजूद रहे।
