हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ स्थित ब्लॉसम एकेडमी में मंगलवार को आयोजित रिजल्ट डिस्ट्रीब्यूशन कार्यक्रम केवल परिणाम वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और अभिभावकों की सहभागिता का उत्सव बन गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अभिभावकों के साथ पहुंचे विद्यार्थियों को जब परिणाम सौंपे गए तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस दौरान बच्चों के यादगार पलों को कैमरे में भी कैद किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण गिलहरी और रेबिट रहे, जिन्होंने बच्चों को बेहद आकर्षित किया। वहीं कक्षा प्रथम और पांचवीं के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी पेंटिंग्स ने सभी का ध्यान खींचा। इन पेंटिंग्स को विद्यालय की गैलरी में प्रदर्शित किया गया, जहां अभिभावकों ने बच्चों की रचनात्मक क्षमता की सराहना की। विद्यालय निदेशक निहित कुमार डूमरा ने कहा कि शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी समान ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखते हुए घर पर भी उन्हें समय दें, ताकि उनका मानसिक और बौद्धिक विकास बेहतर हो सके। विद्यालय की प्रिंसिपल मीनाक्षी डूमरा सहित स्टाफ ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन और भी सफल बन गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ डांस, योगा, म्यूजिक जैसी सह-पाठयक्रम गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इस प्रकार यह आयोजन न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का जश्न रहा, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ।
