हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित रेलवे मेडिकल कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में कार्यरत एक कांस्टेबल के रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर गए। पीड़ित ने पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में रिपोर्ट देकर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे सुरक्षा बल थाना हनुमानगढ़ जंक्शन में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत उमेद शर्मा पुत्र हीरानंद शर्मा रेलवे मेडिकल कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या 83 बीसी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उमेद शर्मा 22 मार्च 2026 को अपने परिवार सहित अपने पैतृक गांव पथरवा, जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) चले गए थे। इसी दौरान 23 और 24 मार्च की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर क्वार्टर से एचपी कंपनी का पुराना लैपटॉप, भारत गैस कंपनी का भरा हुआ गैस सिलेंडर, करीब 200 ग्राम वजन का चांदी का मंदिर, हैवेल्स कंपनी की आयरन प्रेस, लगभग 5 किलो घी से भरी स्टील की बरनी, ड्राई फ्रूट, कॉस्मेटिक सामान, घरेलू उपयोग का राशन तथा गुल्लक सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित उमेद शर्मा 25 मार्च को गांव से वापस लौटे तो उन्हें क्वार्टर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन पहुंचकर घटना की जानकारी दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित ने पुलिस से चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
