ऐलनाबाद। नचिकेतन पब्लिक स्कूल में वार्षिक भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रदर्शनी में विज्ञान, गणित और भूगोल के मॉडलों के साथ-साथ अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) के अंतर्गत तैयार परियोजनाओं का भी आकर्षक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी प्रगट सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी ऋषि शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य कृष्ण खिचड़ तथा सहायक उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार शामिल रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों, विद्यालय चेयरमैन राजेंद्र सिंह सिद्धू, सचिव छबील दास सुथार, निदेशक रणजीत सिंह सिद्धू, प्राचार्य सत्यनारायण पारीक एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रदर्शनी में 400 से अधिक कार्यशील एवं अकार्यशील मॉडल प्रस्तुत किए गए, जिनमें विज्ञान, गणित, पर्यावरण संरक्षण, रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा एवं जल संरक्षण तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर आधारित नवाचार शामिल रहे। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक अवधारणाओं को सरल, रोचक और व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया, जिसकी अभिभावकों एवं अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

अटल टिंकरिंग लैब के अंतर्गत तैयार परियोजनाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनसे विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और सृजनात्मक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी बच्चों में अनुसंधान की भावना, तार्किक चिंतन और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों की उपस्थिति रही।

अभिभावकों ने विद्यालय द्वारा बच्चों की ज्ञान-वृद्धि और नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए अभिभावकों हेतु ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिनके विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक व नवप्रवर्तक बनने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
