ऐलनाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कानूनी प्रकोष्ठ में फेरबदल किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला एवं वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श के उपरांत यह निर्णय लिया। इस बदलाव के तहत एडवोकेट संदीप गोयत को कानूनी प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है, जबकि एडवोकेट जसबीर ढिल्लो को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए कानूनी प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। नवनियुक्त प्रदेश संयोजक एडवोकेट संदीप गोयत ने इस नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि पार्टी एवं कार्यकर्ताओं को समयबद्ध, प्रभावी और सशक्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने आगे कहा कि संगठन के हितों की रक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कानूनी रणनीति तैयार की जाएगी तथा न्याय और कानून की मर्यादा के अंतर्गत रहकर पार्टी को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने दोनों नियुक्तियों को संगठन के लिए उपयोगी और दूरदर्शी कदम बताया है।
