– आवेदक का आरोप- ‘पाकिस्तानी’ कहकर शिविर से निकाला, राजस्व अधिकारी ने आरोपों से किया इनकार; दस्तावेज अधूरे होने की बताई वजह
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में शनिवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने को लेकर विवाद हो गया। टाउन निवासी आमिन खान ने शिविर प्रभारी पर अभद्र व्यवहार करने तथा उन्हें ‘पाकिस्तानी’ कहकर शिविर से बाहर निकालने का आरोप लगाया। वहीं, नगर परिषद के राजस्व अधिकारी एवं शिविर प्रभारी बब्बू सिंह ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि आवेदक के पास आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं थे। आमिन खान ने बताया कि वह अपनी बहनों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शनिवार सुबह शिविर में पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वह सुबह से शाम तक भूखे-प्यासे अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे। उन्होंने कहा कि उनके पिता वर्ष 1964 से हनुमानगढ़ में सेवा कर चुके हैं तथा उनके पास पीपीओ सहित अन्य दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके बावजूद जन्म प्रमाण पत्र जारी नहीं किया गया।आमिन खान का आरोप है कि शिविर प्रभारी ने उनसे कहा कि वे यहां धक्के क्यों खा रहे हैं, शिविर से चले जाएं और उन्हें ‘पाकिस्तानी’ कहकर धक्का देकर बाहर निकाल दिया। उनका कहना है कि यदि उन्हें भारत का जन्म प्रमाण पत्र नहीं दिया जा सकता तो पाकिस्तान का ही दे दिया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिविर में पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं रहता और अधिकारियों को जन्म-मृत्यु पंजीकरण संबंधी नियमों की जानकारी नहीं होने से आमजन परेशान हो रहे हैं। उन्होंने जिला कलक्टर से शिविर में तैनात अधिकारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने की मांग की। हीं, नगर परिषद के राजस्व अधिकारी एवं शिविर प्रभारी बब्बू सिंह ने आरोपों का खंडन करते हुए बताया कि आमिन खान अपनी तीन बहनों के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन लेकर आए थे। इनमें वर्ष 1957, 1970 और 1974 के जन्म प्रमाण पत्र शामिल थे। उन्होंने कहा कि संबंधित अवधि से हनुमानगढ़ में निवास का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया था। ऐसे में आवेदक को आवश्यक दस्तावेज पूरे कर पुनः आवेदन करने के लिए कहा गया। बब्बू सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने आमिन खान को ‘पाकिस्तानी’ नहीं कहा। उनके अनुसार, बातचीत के दौरान स्वयं आमिन खान ने कहा था कि “क्या हम पाकिस्तानी हैं, जो हमारा जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन रहा।” उन्होंने कहा कि नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने पर ही जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा सकता है।
