-एस-कैट परीक्षा में प्रतिभागियों ने किया योग्यता और प्रतिभा का प्रदर्शन
हनुमानगढ़। संस्कार इंटरनेशनल एकेडमी की ओर से रविवार को संस्कार-कॉमन एप्टीट्यूड टेस्ट 2026 (एस-कैट-26) का आयोजन किया गया। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नर्सरी से कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा में प्रतिभागियों ने अपनी योग्यता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। “आपकी सफलता का द्वार” थीम के अंतर्गत आयोजित परीक्षा में कुल 100 प्रश्न पूछे गए। इसमें किसी प्रकार का नकारात्मक अंकन नहीं रखा गया, जिससे सभी विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का समान अवसर मिला।

परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आकर्षक पुरस्कार, छात्रवृत्तियां और प्रमाण-पत्र की व्यवस्था भी की गई। अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा का पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया। विद्यालय के प्राचार्य एल.बी. सुब्बा ने बताया कि एस-कैट अब हनुमानगढ़ जिले की एक प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित परीक्षा बन चुकी है। विद्यार्थी और अभिभावक पूरे वर्ष इस परीक्षा की प्रतीक्षा करते हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए दी जाने वाली प्रश्न पुस्तिका भी पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है, जिसमें शोध आधारित प्रश्नों के साथ उनके उत्तर भी शामिल होते हैं, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के बाद विद्यार्थियों ने अपने अवकाश का सदुपयोग करते हुए एस-कैट की तैयारी की, जो उनके उत्साह और लगन को दर्शाता है। परीक्षा का परिणाम 31 मार्च को विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और फेसबुक पेज पर घोषित किया जाएगा। मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रमाण-पत्र और छात्रवृत्ति ऑफर लेटर देकर सम्मानित किया जाएगा।

