हनुमानगढ़। गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल में आयोजित सरदार राम सिंह मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत गुरुवार को सात रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ट्रैफिक प्रभारी श्री अनिल चिंदा ने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। वहीं डॉ. जसप्रीत सिंह संधू ने खिलाड़ियों से अपने साथ-साथ प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों का भी सम्मान करने तथा स्वयं एवं आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखने का संकल्प लेने का आग्रह किया। स्कूल अध्यक्ष अमन संधू ने मुख्य अतिथि श्री अनिल चिंदा और डॉ. जसप्रीत सिंह संधू का आभार व्यक्त करते हुए सभी टीमों को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बालाजी क्रिकेट क्लब ने कलेक्ट्रेट इलेवन को 10 विकेट से पराजित किया। मनसुख ने 2 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट हासिल किए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। दूसरे मैच में किकरवाली ने संडे क्रिकेट क्लब को 14 रन से हराया। सद्दाम ने 16 गेंदों में 44 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया। तीसरे मुकाबले में जी. फिट ने फ्लाइंग इलेवन को 9 विकेट से मात दी। रोहित ने 2 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच बने। चौथे मैच में धोलीपाल ने बड़ोपल को 8 विकेट से हराया। रमन ने 11 गेंदों में 32 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया। पांचवें मुकाबले में किकरवाली ने बालाजी क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से शिकस्त दी। आरिफ ने 20 गेंदों में 39 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए। छठे मैच में धोलीपाल ने जी. फिट को 8 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। अजय ने मात्र 7 गेंदों में 29 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया। दिन के सातवें और अंतिम मुकाबले में धोलीपाल ने किकरवाली को 6 विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अजय ने नाबाद 13 रन (4 गेंद) बनाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और लगातार दूसरे मैच में मैन ऑफ द मैच रहे। टूर्नामेंट के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
