हनुमानगढ़। टाउन की श्री धानका धर्मशाला समिति की वर्तमान व पूर्व कार्यकारिणी के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में गत दिनों हनुमानगढ़ दौरे पर आए श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा भी समिति के आमंत्रण पर श्री धानका धर्मशाला पहुंचे। इस दौरान समिति अध्यक्ष सेवाराम नागर ने उन्हें धर्मशाला की दीवार पर लिखे कार्यकारिणी के नामों पर पोती गई कालिख दिखाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। समिति अध्यक्ष सेवाराम नागर ने बताया कि उनके कार्यकाल को लेकर अनावश्यक आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि समिति पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक धर्मशाला में स्थित समिति कार्यालय में आकर उनके कार्यकाल का पूरा लेखा-जोखा देख सकता है। नागर ने कहा कि उनके पास धर्मशाला से जुड़े हर खर्च और आय का पूरा रिकॉर्ड मौजूद है और किसी भी प्रकार की जांच के लिए वे तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति का उद्देश्य समाज के सामने पारदर्शिता बनाए रखना और सभी कार्य खुले तौर पर करना है।
