हनुमानगढ़। जिला साइकिलिंग संघ के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष के विशेषाधिकारी राजीव दत्ता के हनुमानगढ़ आगमन पर शिष्टाचार भेंट कर जिले में साइकिलिंग खेल को बढ़ावा देने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने खेल एवं युवा गतिविधियों के निरंतर संचालन और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष सहयोग का आग्रह किया। संघ पदाधिकारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि हनुमानगढ़ जिले में युवाओं में साइकिलिंग के प्रति विशेष उत्साह देखा जा रहा है, लेकिन आवश्यक संसाधनों, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और नियमित प्रतियोगिताओं के अभाव में प्रतिभाओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जिले में साइकिलिंग ट्रैक के निर्माण, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने तथा राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए प्रशासनिक सहयोग की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहन देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही विद्यालय स्तर से खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं को नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए नियमित खेल कार्यक्रम संचालित करने की बात कही।
सरकारी सहयोग मिला तो बनेगी अलग पहचान
जिला साइकिलिंग संघ के सचिव दलीप वर्मा ने कहा कि यदि प्रशासनिक एवं सरकारी सहयोग प्राप्त हो तो हनुमानगढ़ जिला साइकिलिंग सहित अन्य खेलों में राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना सकता है। जिलाध्यक्ष मदनलाल सुथार ने बताया कि संघ की ओर से समय-समय पर साइकिलिंग रैलियों, प्रशिक्षण शिविरों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है, जिन्हें अब और व्यापक स्वरूप देने की योजना है। इस दौरान संयुक्त सचिव योगेंद्र सिंह, सुभाष वर्मा एवं प्रेम वर्मा भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर विशेषाधिकारी राजीव दत्ता ने हनुमानगढ़ में युवा एवं खेल गतिविधियों के विस्तार का आश्वासन दिया। जिला साइकिलिंग संघ की ओर से विशेषाधिकारी को साइकिल का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
