हनुमानगढ़। सादुल ब्रांच नहर में बुधवार को पूजा सामग्री विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहर में गिरने से तीन युवक डूब गए, जिनमें से दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक को सकुशल बचा लिया गया। तीनों युवक आपस में मित्र बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार जंक्शन के सुरेशिया क्षेत्र के निवासी तीनों युवक नहर में पूजा सामग्री विसर्जित करने पहुंचे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया।

उसे बचाने के प्रयास में अन्य दो युवक भी नहर में उतर गए, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, उपखण्ड अधिकारी मांगीलाल सुथार, जंक्शन थाना प्रभारी रामचन्द्र कस्वां तथा सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू करवाया। पुलिस, सिविल डिफेंस टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों को नहर से बाहर निकाला गया। पानी से बाहर निकालने के बाद अमन बाजीगर (19) निवासी सुरेशिया तथा मोहित स्वामी (20) निवासी वार्ड 54, सुरेशिया को टाउन के राजकीय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरा युवक मोहित थालोड़ (19) पुत्र सतपाल थालोड़ निवासी वार्ड 54, सुरेशिया को सकुशल बचा लिया गया।
