ऐलनाबाद। दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक सिरसा, ने रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। एसपी ने कहा कि सिरसा पुलिस की ओर से सभी नागरिकों से विनम्र अपील है कि होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ-साथ संयम, जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ मनाएँ। किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित आचरण बनाए रखें। उन्होंने विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, तेज गति और लापरवाही से बचें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएँ। अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और उन्हें सुरक्षित तरीके से होली खेलने के लिए प्रेरित करें। एसपी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएँ। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार का आनंद ले सकें। अंत में उन्होंने सभी से आह्वान किया कि इस होली को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाते हुए समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश फैलाएँ।
