ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा गैर कानूनी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे जुए के अड्डे पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से मकान मालिक सहित 21 लोगों को गिरफ्तार कर 9 लाख 53 हजार रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि शहर थाना पुलिस टीम बीती रात गश्त के दौरान वाल्मीकि चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि चंडीगढिया मोहल्ला निवासी दीपक उर्फ काका पुत्र जय सिंह अपने मकान में करीब 20-21 लोगों को इकट्ठा कर बड़े स्तर पर जुआ खिलवा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए मकान पर दबिश दी। दबिश के दौरान मकान के अंदर जुआ खेल रहे लोगों को रंगे हाथों काबू कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 9 लाख 53 हजार रुपये की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए। पुलिस ने मकान मालिक दीपक उर्फ काका सहित कुल 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार निवासी किला मोहल्ला टोहाना (फतेहाबाद), विकास उर्फ विशु निवासी खन्ना कॉलोनी सिरसा, संदीप कुमार निवासी सिसाय बुलान (हांसी), सुनील कुमार निवासी डीएसपी रोड फतेहाबाद, संजीव कुमार उर्फ डॉक्टर निवासी एफ ब्लॉक सिरसा, अशोक कुमार निवासी चत्तरगढ़ पट्टी सिरसा, सुरेश निवासी लेबर कॉलोनी हिसार, सुरेंद्र कुमार निवासी डोगरा मोहल्ला हिसार, मंगत कुमार निवासी खैरपुर सिरसा, भीरा सिंह निवासी उचाना मंडी (जींद), गुरदेव सिंह निवासी बठिंडा (पंजाब), गुरचरण सिंह निवासी एफ ब्लॉक सिरसा, ललित कुमार निवासी राजीव नगर हिसार, गौरव निवासी बेगू रोड सिरसा, अजीत निवासी टोहाना (फतेहाबाद), सज्जन सिंह निवासी तोशाम (भिवानी), गुरदीप सिंह निवासी अग्रोहा (हिसार), प्रदीप निवासी लुदास (हिसार) तथा रायसिंह निवासी मिरकां (हिसार) के रूप में हुई है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि आसपास जुआ, सट्टा या अन्य गैर कानूनी गतिविधियां हो रही हों तो इसकी सूचना बिना किसी भय के पुलिस को दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर समाज में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
