ऐलनाबाद। एसपी दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए एक युवक को दो अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि सीआईए सिरसा की पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव माखोसरानी से गांव नाथूसरी चौपटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान जब पुलिस टीम नाथूसरी चौपटा के पास पहुंची तो सामने से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर युवक अचानक मुड़कर गांव की ओर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सतीश कुमार पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गांव झांसल, थाना भिरानी, जिला हनुमानगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .315 बोर और .32 बोर के दो अवैध पिस्तौल बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नाथूसरी चौपटा में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
