हनुमानगढ़। महिति लॉ अकादमी में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अकादमी की संस्थापक डॉ. सुचेता जैन ने किया, जिसमें युवाओं को अपनी सोच व्यक्त करने और व्यवस्था पर प्रश्न उठाने का सशक्त मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक के रूप में डॉ. संतोष राजपुरोहित तथा डॉ. अर्चना गोदारा उपस्थित रहीं। डॉ. राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को जीवन की हर परिस्थिति में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी, जैसा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपने जीवन में किया। वहीं डॉ. गोदारा ने कहा कि यदि कानून का पालन केवल भय के कारण किया जाएगा, तो वह समाज के लिए सुधारात्मक नहीं बन पाएगा। प्रतियोगिता में सौरव बजाज विजेता रहे, जबकि आर्ची ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में श्री सुशील जैन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा विजेताओं को सम्मानित किया।
