
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ की होनहार महिला क्रिकेट खिलाड़ियों अरुणा एवं आरती बिश्नोई का चयन राजस्थान की अंडर-15 एकदिवसीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। अरुणा पुत्री मदन लाल सेन निवासी परलीका तथा आरती बिश्नोई पुत्री विष्णु बिश्नोई निवासी चंदूरवाली अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर इस उपलब्धि तक पहुंची हैं। जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनीष धारणिया ने बताया कि अरुणा का चयन विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में जबकि आरती का चयन तेज गेंदबाज के रूप में किया गया है। दोनों खिलाड़ी राजस्थान की 16 सदस्यीय टीम के साथ बीसीसीआई की ओर से 2 जनवरी से आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए कलकत्ता जाएंगी। उन्होंने बताया कि दोनों खिलाड़ियों का चयन राजस्थान क्रिकेट संघ की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में उनके निरंतर और उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

इस उपलब्धि पर जिला क्रिकेट संघ हनुमानगढ़ के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। साथ ही चयन प्रक्रिया के लिए जिला क्रिकेट संघ की चयन समिति का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच एवं जिला क्रिकेट संघ को दिया है। जिला क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष एवं रणजी ट्रॉफी अंपायर राजीव गोदारा ने जानकारी दी कि इस वर्ष हनुमानगढ़ के अब तक कुल छह खिलाड़ी विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि कुछ खिलाड़ी चयन की प्रतीक्षा में हैं। यह हनुमानगढ़ जिले के लिए एक रिकॉर्ड उपलब्धि है।
