– साबुन से हाथ धोने के प्रति किया जागरूक, स्वास्थ्यकर्मियों को बनाया गया’हैंड हाइजीन हीरो
हनुमानगढ़। सुरक्षित स्वच्छता प्रबंधन के तहत गुरुवार को हनुमानगढ़ जिले के समस्त चिकित्सा संस्थानों में ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे के अवसर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने तथा बीमारियों एवं संक्रमण से बचाव के लिए नियमित रूप से हाथों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष 15 अक्टूबर को ग्लोबल हैंडवॉशिंग डे मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “Be a Hand Hygiene Hero” रखी गई है। इसका उद्देश्य हाथ धोने की अच्छी आदतों को बढ़ावा देना और प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि साबुन से सही तरीके से हाथ धोना कई संक्रामक बीमारियों से बचाव का सरल, प्रभावी और महत्वपूर्ण उपाय है। जिले के चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों एवं उनके परिजनों को हाथ धोने के सही तरीके और इसके महत्व की जानकारी दी। विशेष रूप से शौचालय के उपयोग के बाद तथा भोजन करने से पहले और भोजन तैयार करने से पूर्व साबुन से हाथ धोने के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों को स्वयं हाथों की स्वच्छता के मानकों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के तहत आशा सहयोगिनियों, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और सामुदायिक समूहों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवारों एवं समुदाय तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध हाथ धोने की सुविधाओं, पानी और साबुन की उपलब्धता का आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इस अभियान को केवल एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम तक सीमित न रखकर हाथ धोने की आदत को लोगों की नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाना है। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों से लेकर घरों और ग्राम पंचायतों तक सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। डॉ. नवनीत शर्मा ने आमजन से अपील की है कि वे भोजन से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद तथा आवश्यकतानुसार साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाएं और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। स्वच्छ हाथ, स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
