हनुमानगढ़। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जयंती को इस वर्ष भव्य एवं दिव्य रूप में मनाने के लिए शनिवार को दुर्गा मंदिर धर्मशाला, हनुमानगढ़ जंक्शन में ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 अप्रैल 2026 को हनुमानगढ़ के समस्त ब्राह्मण समाज द्वारा संयुक्त रूप से भगवान परशुराम जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजन की शुरुआत प्रातः 7:15 बजे भगवान परशुराम चौक पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद सायं 3:15 बजे श्री राम मनोहर लोहिया स्कूल चौक से भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए जंक्शन स्थित गौड़ ब्राह्मण धर्मशाला पहुंचेगी। रथ यात्रा के समापन के उपरांत सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। साथ ही राजकीय सेवाओं में चयनित समाज की प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक ब्रह्मभोज के साथ आयोजन का समापन होगा। बैठक में कालू राम शर्मा, डॉ. एम.पी. शर्मा, आशीष पारीक, प्रदीप एरी, भारत भूषण कौशिक, गिरिराज शर्मा, भवानी शंकर शर्मा, महेन्द्र शर्मा, कुंजबिहारी महर्षि, सचिन कौशिक, सूर्य प्रकाश जोशी, लेखराम जोशी, डॉ. भारत भूषण शर्मा, संजय शर्मा, महेश शर्मा, हिमांशु महर्षि, गोपाल शर्मा, नरेश पुरोहित, आनंद जोशी एवं वेदप्रकाश सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समाज के पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है।
