हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्यालय शिक्षा खंड हनुमानगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) हनुमानगढ़ से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि सीबीईओ कार्यालय हनुमानगढ़ द्वारा सेवा पुस्तिका जांच के नाम पर गठित समिति की ओर से शिक्षकों पर अनावश्यक आक्षेप लगाए जा रहे हैं। इन आक्षेपों के निवारण के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से वार्ता की, जिस पर उन्होंने उच्च स्तर से मार्गदर्शन प्राप्त कर उचित समाधान करने का आश्वासन दिया। महासंघ ने यह भी मांग की कि जिन शिक्षकों को न्यायालय के आदेशों के अनुसार नोशनल लाभ प्रदान किया गया है, उन्हें आक्षेपों के नाम पर प्रताड़ित करना तत्काल बंद किया जाए, क्योंकि अन्य ब्लॉकों एवं जिलों में इस प्रकार के आक्षेप नहीं लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा छुट्टियों से संबंधित आक्षेपों के निस्तारण में अन्य जिलों के प्रकरणों का सत्यापन कर जिला शिक्षा अधिकारी हनुमानगढ़ द्वारा शिक्षकों को राहत प्रदान करने की मांग की गई। साथ ही सीबीईओ कार्यालय में लंबित वेतन बिलों का शीघ्र निस्तारण करवाने की भी मांग उठाई गई। महासंघ ने भविष्य में ग्रीष्मकालीन अवकाश कटौती को निरस्त करने की मांग को लेकर माननीय मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हनुमानगढ़ के माध्यम से प्रेषित किया। खंड अध्यक्ष मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में ज्ञापन सौंपा गया। वार्ता के दौरान सीबीईओ कार्यालय के लेखाधिकारी छगन लाल, प्रशासनिक अधिकारी अमरजीत कौशिक, एसीबीईओ दीपक मिड़ा, रोहिताश कड़वासरा एवं सीबीईओ काशीराम सारण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। खंड अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने अधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा करते हुए उच्च अधिकारियों से पत्राचार के माध्यम से मार्गदर्शन प्राप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके और अनावश्यक आक्षेपों के कारण होने वाली मानसिक प्रताड़ना से मुक्ति दिलाई जा सके। इस अवसर पर शौकत अली, दिनेश सहारन, रामनिवास, घनश्याम, हरप्रीत, श्याम लाल, अंबिका प्रसाद, दिलीप सिंह, इमरान खान, रमजान, साजिद खान, इरफान खान, कुमारी देवी पूजा, महेंद्र बेनीवाल सहित लगभग 50 शिक्षक साथी उपस्थित रहे।
