
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रक चालक है जो पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा था। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 23 नवम्बर 2025 को टिब्बी पुलिस थाना के एएसआई बलतेज सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने भारतमाला रोड पर रोही मल्लड़खेड़ा के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक को रूकवाया। ट्रक चालक ट्रक के टायरों को चैक करने का बहाना करता हुआ अचानक खेतों की तरफ भाग गया। संदिग्ध ट्रक के आगे व पीछे अलग-अलग नम्बरों की नम्बर प्लेट लगी हुई थी। शक होने पर ट्रक की चैकिंग की गई तो उसमें पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब की 845 पेटी भरी हुई थी। शराब व ट्रक जब्त कर राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। अनुसंधान टिब्बी थाना प्रभारी हंसराज लूणा की ओर से शुरू किया गया। जांच अधिकारी हंसराज लूणा ने सोमवार को टीम के साथ इस प्रकरण में वांछित आरोपी ट्रक चालक जबराराम (30) पुत्र मोहनलाल बिश्नोई निवासी रमेश कॉलोनी, लोलो की ढाणी जिला जालौर को अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी से पंजाब निर्मित शराब भरने व खरीदने जैसे स्थानों की तस्दीक के लिए अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी हंसराज लूणा, एएसआई देवीलाल, कांस्टेबल पवन कुमार व सुखवीर शामिल रहे।
