टिब्बी। टिब्बी तहसील के गांव दौलतपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दौलतपुरा में शुक्रवार को मेगा पीटीएम (शिक्षक-अभिभावक बैठक) एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मेगा पीटीएम में अभिभावक देवीलाल बेनीवाल, विकास बेनीवाल, राजेश गिरी, राकेश सोनी, मंगतूराम सहित अन्य ने सहभागिता कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं विद्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। कक्षाध्यापकों ने बच्चों की प्रगति अभिभावकों के साथ साझा की। प्रधानाचार्य जगजीत सिंह ने राज्य सरकार की ओर से संचालित शैक्षणिक योजनाओं एवं विद्यालय की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी देते हुए अभिभावकों से निरंतर सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में कक्षा नौ की होनहार छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
