हनुमानगढ़। अश्व एवं पशु पालक सेवा समिति की ओर से जंक्शन क्षेत्र में नवां बाइपास पर आयोजित अश्व मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। 15 फरवरी से शुरू होकर 22 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में प्रतिदिन अश्व प्रेमियों, व्यापारियों और पशुपालकों की चहल-पहल देखने को मिल रही है। मेले में राजस्थान के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से व्यापारी व पशुपालक अपने श्रेष्ठ अश्व लेकर पहुंचे हैं।

यहां अश्वों की खरीद-फरोख्त भी लगातार जारी है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है। गुरुवार को मेले में विशेष अतिथि के रूप में शिरोमणि अकाली दल (बादल) ब्लॉक लम्बी, पंजाब के चेयरमैन गुरबक्शीश सिंह मिड्डूखेड़ा पहुंचे। उनके साथ मनी मिड्डूखेड़ा भी मौजूद रहे। गुरबक्शीश सिंह मिड्डूखेड़ा ने समिति की ओर से किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि अक्सर ऐसे मेलों में स्थान की कमी देखने को मिलती है, लेकिन हनुमानगढ़ में पर्याप्त जगह उपलब्ध कराई गई है। कम समय में की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। उन्होंने खुशी जताई कि बड़ी संख्या में युवा मेले में पहुंच रहे हैं।

उनका कहना था कि पशुपालन से व्यक्ति में अनुशासन और अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेती-बाड़ी के साथ अश्व पालन से जुड़ने का आह्वान किया। समिति अध्यक्ष रिछपाल सिंह मान ने जानकारी दी कि 20 फरवरी को अश्वों की छोटी-बड़ी चाल प्रतियोगिता तथा 21 फरवरी को अश्व नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर समिति सचिव करणी सिंह गिल, बेअन्त सिंह, कोषाध्यक्ष मोहन सिंह राठौड़, भरपूर सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
